नाहन : नाहन पुलिस ने त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने पड़ोसी राज्य हरियाणा के अंबाला में दबिश देकर मामले में संलिप्त एक नाबालिग को काबू किया और उसकी निशानदेही पर चोरीशुदा स्कूटी बरामद कर ली।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि महिमा लाइब्रेरी के पास, नया बाजार नाहन के रहने वाले शिकायतकर्ता अजय सिंगला ने पुलिस चौकी गुन्नुघाट में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 25 जुलाई की रात को उनकी दुकान ‘सिंगला सेल्फ स्टोर’ के बाहर खड़ी उनकी स्कूटी ( HP18C-5734) गायब हो गई। जब उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, तो उसमें रात के समय एक अज्ञात व्यक्ति स्कूटी चुराकर ले जाता हुआ साफ दिखाई दिया।

शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सदर नाहन में त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चोरी की गई स्कूटी की तलाश और आरोपी की धरपकड़ के लिए (I/O) रणबीर सिंह, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार और कांस्टेबल चमन लाल की एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
सीसीटीवी फुटेज व अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस टीम को हरियाणा के अंबाला की तरफ रवाना किया गया। टीम ने अंबाला रेलवे स्टेशन और जी.आर.पी. थाना क्षेत्र के आसपास के इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाया। इस सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने चोरी में संलिप्त एक बाल अपचारी(नाबालिग) को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
काबू किए गए बाल अपचारी से जब पूछताछ की गई, तो उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अंबाला रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर आगे अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे के किनारे खड़ी की गई चोरीशुदा स्कूटी (HP18C-5734) को सकुशल बरामद कर लिया।
SP सिरमौर ने बताया कि चोरी की गई संपत्ति को बरामद कर लिया गया है। चूंकि मामले में पकड़ा गया आरोपी एक नाबालिग है, इसलिए उसके खिलाफ बाल न्याय (संरक्षण एवं देखभाल) अधिनियम के तहत आगामी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।