नौणी यूनिवर्सिटी ने अचानक बढ़ाई फीस, प्रवेश प्रक्रिया के महीनों बाद सरप्राइज

सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों की फीस में अप्रत्याशित और भारी बढ़ोतरी कर हजारों अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को गहरा झटका दिया है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा यह बढ़ोतरी उस समय की गई है, जब तीन महीने पहले शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया के तहत हजारो अभ्यर्थी आवेदन करने के साथ-साथ प्रवेश परीक्षाएं भी दे चुके हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी की गई सूचना में नई दरों के अनुसार यूजी पाठ्यक्रमों की फीस में भारी इजाफा किया गया है। सामान्य (Normal) सीट की प्रति सेमेस्टर फीस को ₹43,350 से बढ़ाकर सीधा ₹68,700 कर दिया गया है। यानी अब छात्रों को प्रति वर्ष ₹1,37,400 का भुगतान करना होगा। वहीं सेल्फ फाइनेंस सीट की प्रति सेमेस्टर फीस ₹83,350 से बढ़ाकर ₹1,27,200 कर दी गई है, जिससे अब वार्षिक खर्च ₹2,54,400 तक पहुँच जाएगा।

स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर की सीटों पर भी फीस में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सामान्य (Normal) सीट की पीजी के लिए प्रति सेमेस्टर फीस ₹47,550 के स्थान पर अब ₹87,000 कर दी गई है। जबकि सेल्फ फाइनेंस सीट की प्रति सेमेस्टर फीस ₹87,550 से बढ़ाकर ₹1,42,000 कर दी गई है।

प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के अंतिम चरण में फैसले पर उठे सवाल
देश और प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों ने नौणी (सोलन) स्थित मुख्य परिसर के साथ-साथ कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री नेरी (हमीरपुर) और थुनाग (मंडी) परिसरों में बी.एससी. (ऑनर्स) औद्यानिकी, बी.एससी. (ऑनर्स) वानिकी, बी.एससी. कृषि (ऑनर्स) प्राकृतिक खेती, बी.टेक बायोटेक्नोलॉजी, बी.टेक फूड टेक्नोलॉजी और एग्री-बिजनेस जैसे विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन किया है।

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने और अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा देने के महीनों बाद अचानक फीस बढ़ाए जाने से अभिभावक और छात्र स्तब्ध हैं। शिक्षा विशेषज्ञों और अभिभावकों का कहना है कि किसी भी शैक्षणिक सत्र की शुरुआत और आवेदन आमंत्रित करने से पूर्व ही सम्पूर्ण फीस संरचना विवरणिका में स्पष्ट की जाती है। ऐसे में प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम चरण में अचानक इस प्रकार की भारी बढ़ोतरी ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली और निर्णयों पर अनेक गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Photo of author

संजीव अवस्थी

समाचार रिपोर्टिंग में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिमाचल प्रदेश के कुछ सबसे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्रों में व्यापक योगदान दिया है। पिछले कई वर्षों से, विभिन्न ऑनलाइन समाचार प्लेटफार्मों के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और बदलते डिजिटल मीडिया परिदृश्य के साथ तालमेल बिठाते रहे हैं।