नाहन : सिरमौर जिले के नाहन क्षेत्र के तहत आने वाले गांव बनकला, डाकघर शम्भूवाला में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। अदालत में मामला विचाराधीन होने और स्टे होने के बावजूद दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस झड़प में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, लोहे की कसी और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकियां देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।
पहली शिकायत के अनुसार, सरनवीर सिंह पुत्र केहर सिंह, निवासी बनकला ने बताया कि बीती शाम को वह अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान उनके भाई रिशिपाल और भाभी कुसुमलता अपने खेत में काम कर रहे थे। आरोप है कि उसी समय गांव के ही कई लोग जिनमें नरेश कुमार, प्रकाश, सन्दीप, प्रदीप कुमार, रितिकपाल, रमेश चंद, साधू राम, करतार सिंह, पिंकी, सुनीता, रजनी, निर्मला और मीना शामिल थे , डंडे और लोहे की कसी लेकर वहां आ धमके। सरनवीर और उनकी पत्नी पिंकी भी मौके पर पहुंच गए।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उपरोक्त सभी ने मिलकर उन्हें, उनके भाई रिशिपाल, भाभी कुसुमलता और पत्नी पिंकी को मां-बहन की गालियां दीं और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। साथ ही सभी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। सरनवीर का कहना है कि उनके भाई रिशिपाल का साधूराम और करतार सिंह के साथ जमीन को लेकर पहले से ही नाहन कोर्ट में केस विचाराधीन है।
वहीं, इसी मामले में दूसरे पक्ष की ओर से प्रकाश चंद पुत्र साधू राम, निवासी बनकला ने पुलिस थाना नाहन में क्रॉस शिकायत दर्ज करवाई है। प्रकाश चंद का कहना है कि उनका और उनके परिवार का बनकला के ही रहने वाले रिशिपाल के साथ जमीनी विवाद चला हुआ है, जो अदालत में विचाराधीन है और वर्तमान में जमीन पर कोर्ट का स्टे लगा हुआ है। उनका आरोप है कि कोर्ट का स्टे होने के बावजूद रिशिपाल और उसका परिवार लगातार जमीन में दखलंदाजी कर रहा है।
शिकायत के मुताबिक, पिछले दिन रिशिपाल ने खेत में बरसीन बीजी थी। इसी बात को लेकर 17 नवंबर को प्रकाश चंद, पिंकी, प्रदीप और नरेश खेत के पास रिशिपाल से पूछताछ करने गए थे कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और रिशिपाल, उसकी पत्नी कुसुमलता, भाई सरनवीर और भाभी पिंकी ने मिलकर प्रकाश चंद और उनके साथ मौजूद लोगों के साथ हाथ-मुक्कों व डंडों से मारपीट की। साथ ही उनके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस थाना नाहन में मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं और जमीनी दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।