नाहन : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सिरमौर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में डिटेक्शन सेल राजगढ़ की पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2.30 ग्राम हेरोइन / चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने बाइक पर सवार 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बीते कल जब डिटेक्शन सेल राजगढ़ की पुलिस टीम सनौरा चौक के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर खास से पुलिस को सूचना मिली कि बाइक नंबर HP10B-6049 में सवार दो व्यक्ति मादक पदार्थ चिट्टा / हेरोइन को छुपाकर परिवहन कर रहे हैं, जो सोलन की तरफ से सनौरा की ओर आ रहे हैं। सूचना में यह भी कहा गया था कि यदि इसी समय बाइक को चेक किया जाए तो भारी मात्रा में चिट्टा बरामद हो सकता है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत सनौरा चौक के पास नाकाबंदी कर उक्त मोटरसाइकिल को रोक लिया। पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने अपनी पहचान देविन्द्र पुत्र कर्ण बहादुर, मूल निवासी नेपाल, हाल निवासी गांव सरस्वती नगर, डाकघर हाटकोटी, तहसील जुब्बल, जिला शिमला के रूप में बताई। वहीं, पीछे बैठे दूसरे व्यक्ति ने अपनी पहचान प्रदीप छेत्री पुत्र पप्पू छेत्री, मूल निवासी नेपाल, हाल निवासी नेरवा बाजार, डाकघर व तहसील नेरवा, जिला शिमला के रूप में दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 2.30 ग्राम हेरोईन/चिट्टा बरामद किया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर लिया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह चिट्टा कहां से लाया गया था और कहां सप्लाई किया जाना था।