नाहन: बनेठी के पास भीषण सड़क हादसा, टिप्पर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : राष्ट्रीय राजमार्ग नाहन-शिमला पर बनेठी क्षेत्र के अंतर्गत जघोल स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास के समीप शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे एक टिप्पर ने गलत दिशा में जाकर सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाहन मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा दिनांक 21 नवंबर को सुबह करीब 06:30 बजे घटित हुआ। मामले को लेकर गांव कांगर घुन्ड (डाकघर बनेठी, तहसील नाहन) निवासी संदीप कुमार पुत्र श्री राम सिंह ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि टिप्पर नंबर (HP18D-1429) के चालक संदीप कुमार पुत्र देवेन्द्र सिंह (निवासी गांव श्यामपुर, डाकघर गागल शिकोर, तहसील पच्छाद) ने वाहन को अत्यंत तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए मोड़ पर गलत दिशा में मोड़ दिया और सामने से आ रही मोटरसाइकिल नंबर (HP18C-3994) को सीधी टक्कर मार दी।

इस भीषण भिड़ंत में मोटरसाइकिल चालक अरुण कुमार पुत्र केहर सिंह गांव झाजड़, डाकघर चाकली, तहसील नाहन तथा पीछे बैठे उनके साथी राजेन्द्र सिंह पुत्र दलीप सिंह गांव कोलथी, डाकघर चाकली, तहसील नाहन को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, नाहन पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगामी बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी टिप्पर चालक संदीप कुमार के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना को अंजाम देने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed