सराहां में नगरकोटी फिलिंग स्टेशन का शुभारंभ, मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने गिनाईं शिक्षा की उपलब्धियां

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने रविवार को सराहां में नगरकोटी फिलिंग स्टेशन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नए पेट्रोल पंप के खुलने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी बेहतर पेट्रोलियम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने संचालकों को इस नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।

सराहां अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर और आईटीआई भवन का आश्वासन

जनसभा के दौरान उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार, कृषि, बागवानी, पशुपालन, लघु उद्योगों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीण आबादी की आर्थिकी सुदृढ़ हो और प्रदेश आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सके। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि सराहां अस्पताल में जल्द ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का भवन तीन माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

शिक्षा के क्षेत्र में सिरमौर के युवाओं ने मनवाया लोहा

जिला सिरमौर में शिक्षा के बढ़ते स्तर का जिक्र करते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि निरंतर सुधारात्मक प्रयासों के सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में भरे गए 400 टीजीटी पदों में से 102 पदों पर सिरमौर के युवाओं ने सफलता हासिल की है। इसी तरह सीबीएसई के 84 पदों में से 22 पदों पर सिरमौर के बच्चे चयनित हुए हैं, जिनमें से 14 पदों पर अकेले शिलाई क्षेत्र के युवाओं ने बाजी मारी है।

इससे पहले पेट्रोल पंप के मालिक बाबूराम शास्त्री ने मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य लोगों का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, प्रदेश कांग्रेस सचिव दयाल प्यारी, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा और उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) पच्छाद प्रियंका चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed