नाहन : ज़िला मुख्यालय नाहन के बिरोजा फैक्टरी के पास तेंदुए के हमले का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सड़क किनारे पैराफिट पर बैठे एक युवक पर तेंदुआ हमला करने ही वाला था कि तभी वहां से गुज़र रहे अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष बॉबी अहमद की सतर्कता और सूझबूझ से युवक की जान बाल-बाल बच गई।
घटना के वक्त अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष बॉबी अहमद अपनी पत्नी के साथ बाइक पर घूमने जा रहे थे। जैसे ही वह बिरोजा फैक्टरी के पास पहुँचे, उनकी नज़र पैराफिट पर बैठे एक युवक और उस पर हमला करने की फिराक में झाड़ियों में घात लगाए तेंदुए पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बॉबी अहमद ने बिना समय गंवाए अपनी बाइक को तुरंत युवक और तेंदुए के बीच में खड़ा कर दिया और शोर मचाया। बाइक की रोशनी और अचानक हलचल से डरकर तेंदुआ नीचे नाले की और की तरफ छलांग लगाकर भाग गया।

घटना के तुरंत बाद ‘हिल्स पोस्ट’ से विशेष बातचीत करते हुए बॉबी अहमद ने बताया कि नाहन से लेकर बिरोजा फैक्टरी तक के पूरे रास्ते में कहीं भी स्ट्रीट लाइट नहीं है। अंधेरा होने के कारण सड़क किनारे पैदल चलने वालों और बैठने वाले लोगों पर तेंदुए के हमले का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पैदल आवाजाही करने वाले लोगों से अपील की है कि वे देर शाम या रात के समय इस मार्ग पर बेहद सतर्क होकर निकलें।
गौरतलब है कि नाहन शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों में तेंदुए की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। हाल ही के दिनों में नौणी का बाग और उससे सटे इलाकों में भी स्थानीय लोगों द्वारा तेंदुए की चहलकदमी देखी गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।