शिमला: हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में अब इलाज की प्रक्रिया और अधिक आसान होने जा रही है। प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीक का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करते हुए राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। इस प्रणाली के शुरू होने से चिकित्सकों को मरीजों का पूरा चिकित्सीय विवरण और जांच रिपोर्ट महज एक क्लिक पर उपलब्ध हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए 661 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट और डेटा एंट्री ऑपरेटरों की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है।

किस चिकित्सा संस्थान में भरे जाएंगे कितने पद?
इस भर्ती के तहत राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और प्रदेश के विभिन्न राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट व डेटा एंट्री ऑपरेटरों के कुल 561 पद भरेगी। इनमें इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला में 100, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में 100, डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में 90, अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज चमियाना में 70 और श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक में 61 पद शामिल हैं।
इसके अलावा पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में 50, डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नाहन में 50, चिकित्सा शिक्षा निदेशालय शिमला में 20 तथा राजीव गांधी राजकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल शिमला में 20 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इन 561 पदों के अतिरिक्त प्रदेश के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी डेटा एंट्री ऑपरेटरों के 100 पद भरे जाएंगे।
ई-ऑफिस से लेकर जेम पोर्टल तक संभालेंगे जिम्मेदारी
एचएमआईएस प्रणाली का मुख्य उद्देश्य अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही लाना है। इसके माध्यम से मरीजों के रिकॉर्ड, अस्पतालों की जानकारी, डेटा एंट्री और रिपोर्ट तैयार करने जैसे कार्यों का पूरी तरह डिजिटलीकरण किया जाएगा।
नियुक्त किए जाने वाले ये प्रशिक्षित कर्मचारी एचएमआईएस संचालन के साथ-साथ ई-ऑफिस, ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन पत्राचार, डेटा प्रबंधन, सरकारी पोर्टल संचालन, ई-वेतन से जुड़े कार्यों, ऑनलाइन भर्ती व स्थापना मामलों तथा सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जेम) के माध्यम से होने वाली खरीद प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। इनकी तैनाती से विद्यार्थियों, शिक्षण संकाय, चिकित्सा व गैर-चिकित्सा कर्मचारियों, मरीजों और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े डेटा का प्रबंधन भी अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।
बाहरी राज्यों का रुख न करना पड़े, इसलिए हो रहा सुधार: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा स्वास्थ्य संस्थानों को पर्याप्त श्रम शक्ति, आधुनिक तकनीक और बेहतर बुनियादी ढांचे से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के स्तरोन्नयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि प्रदेशवासियों को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके और उन्हें विशेषज्ञ उपचार के लिए बाहरी राज्यों का रुख न करना पड़े। उन्होंने विश्वास जताया कि एचएमआईएस की शुरुआत और आईटी कर्मचारियों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता और कार्यकुशलता को नई गति मिलेगी।