नाहन में कभी भी गहरा सकता है पानी का संकट!: डॉ. राजीव बिंदल

नाहन : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। डॉ. बिंदल ने डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली गिरी पेयजल योजना की अनदेखी को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्रशासनिक नाकामी के कारण आज जिला मुख्यालय नाहन की स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाएं पूरी तरह से वेंटिलेटर पर आ गई हैं, जिसका खामियाजा स्थानीय जनता को भुगतना पड़ रहा है।

डॉ. राजीव बिंदल ने स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज में सुविधाएं लगातार चरमरा रही हैं। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि पिछले चार सालों में यह सरकार मेडिकल कॉलेज के रुके हुए भवन निर्माण कार्य को दोबारा शुरू तक नहीं करवा पाई है। उन्होंने तंज कसा कि एक तरफ जहां प्रदेश के अन्य जिलों में मेडिकल कॉलेजों के भवन बनकर लगभग तैयार हो चुके हैं, वहीं नाहन के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है और यहाँ का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है।

मेडिकल कॉलेज के भीतर के हालातों का जिक्र करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि संस्थान में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी चल रही है। स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि कॉलेज के कुल चार ऑपरेशन थिएटर्स (OT) में से दो लंबे समय से ताले में बंद पड़े हैं। इसके अलावा मरीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रेडियोलॉजी और ऑर्थो (हड्डी रोग) विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों का टोटा है। डॉक्टरों की इस भारी कमी के कारण गरीब और लाचार मरीजों को इलाज के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।

स्वास्थ्य के साथ-साथ डॉ. बिंदल ने नाहन शहर की सबसे बड़ी पेयजल योजना ‘गिरी उठाऊ पेयजल योजना’ के संचालन पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने खुलासा किया कि नाहन शहर को पानी की सप्लाई करने वाले गिरी योजना के चार ट्यूबवेल पिछले काफी समय से पूरी तरह बंद पड़े हैं। विभाग और सरकार द्वारा इन्हें दोबारा चालू करने के लिए कोई भी प्रभावी या ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। डॉ. बिंदल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि समय रहते इन ट्यूबवेलों को ठीक नहीं किया गया, तो चिलचिलाती गर्मी के इस मौसम में नाहन शहर के भीतर एक बहुत बड़ा और गहरा पेयजल संकट खड़ा हो जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।