शिलाई के युवक से पावंटा साहिब में 7.62 ग्राम हेरोइन बरामद, मामला दर्ज

नाहन : जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र पावंटा साहिब में पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन सैल की टीम ने नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। आज स्पेशल डिटेक्शन सैल की टीम इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने, गश्त करने और मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के संबंध में गुप्त सूचनाएं जुटाने के लिए मुस्तैद थी। इसी दौरान टीम को एक विश्वसनीय मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली कि बांगरन चौक के समीप एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा है और वह वहां स्थानीय युवाओं को स्मैक व हेरोइन की खेप बेचने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही स्पेशल डिटेक्शन सैल की टीम ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई की और योजनाबद्ध तरीके से बांगरन चौक पर दबिश दी। पुलिस टीम को देखकर वहां खड़ा व्यक्ति घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क जवानों ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। पुलिस टीम द्वारा जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 7.62 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान अरुण, पुत्र बंसी राम, निवासी गांव च्यूमू (डाकघर मिलाह, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।

इस बरामदगी के बाद पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ को अपने कब्जे में लेकर आरोपी अरुण को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस थाना पाँवटा साहिब में आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि और ND&PS Act) के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालकर इस अवैध धंधे में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।