नाहन में पुलिस आरक्षी भर्ती प्रक्रिया जारी: आज 867 अभ्यर्थियों ने दी शारीरिक परीक्षा, 307 रहे सफल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर में आयोजित की जा रही पुलिस आरक्षी (कॉन्स्टेबल) पद हेतु शारीरिक प्रवीणता एवं शारीरिक मापदंड परीक्षा के तहत सोमवार, 2 नवंबर को पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया जारी रही। पूरी भर्ती प्रक्रिया पुलिस उप-महानिरीक्षक MS. अंजुम आरा की अध्यक्षता में पूरी पारदर्शिता और सख्त निगरानी के साथ संपन्न करवाई जा रही है।

प्राप्त विवरण के अनुसार, जिला सिरमौर में भर्ती प्रक्रिया का पहला चरण 27 अक्टूबर से शुरू हुआ था, जो 5 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है। इस पूरी भर्ती प्रक्रिया के तहत हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा जिला सिरमौर से कुल 6,332 पुरुष अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षा के लिए कॉल लेटर जारी किए गए हैं। इनमें से पुरुष अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक प्रवीणता एवं मापदंड परीक्षा का विशेष शेड्यूल 31 अक्टूबर से 05 नवंबर तक निर्धारित किया गया है।

सोमवार, 02 नवंबर को आयोजित परीक्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस दिन के लिए कुल 1,100 पुरुष अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी कर मैदान में बुलाया गया था। बुलावा भेजे गए युवाओं में से 867 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता जांच के लिए पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचे। कड़ी प्रतिस्पर्धा, दौड़ और शारीरिक मापदंडों की कसौटी पर परखने के बाद कुल 307 अभ्यर्थी इस परीक्षा को सफलता पूर्वक उत्तीर्ण करने में कामयाब रहे।

यह भर्ती प्रक्रिया 05 नवंबर तक निरंतर चलेगी, जिसके बाद शारीरिक परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण की लिखित परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और निष्पक्ष संचालन के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।