नाहन में भव्य वामन द्वादशी महोत्सव का शुभारंभ, कच्चा टैंक मंदिर में तीन दिवसीय धार्मिक पाठ शुरू

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शहर की प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक ‘विशाल वामन द्वादशी महोत्सव 2026’ का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर कच्चा टैंक स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन वामन भगवान मंदिर में रविवार को तीन दिवसीय धार्मिक पाठ का शुभारंभ पूर्ण पूजा-अर्चना और वैदिक अनुष्ठानों के साथ किया गया।

महोत्सव के आयोजकों एवं मंदिर ठाकुरद्वारा रघुनाथ जी ट्रस्ट (रजि.) नाहन की ओर से बताया गया कि इस तीन दिवसीय पाठ का आयोजन भगवान वामन के दिव्य आशीर्वाद और पूरे महोत्सव के सफल व निर्विघ्न संपन्न होने की कामना के लिए किया जा रहा है। पाठ के समापन के बाद आगामी दिनों में महोत्सव के तहत विभिन्न भव्य धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि वामन द्वादशी मेला नाहन शहर की पौराणिक एवं सांस्कृतिक धरोहर का एक अभिन्न हिस्सा है। इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य एवं आकर्षक रूप में आयोजित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंदिर समिति तथा समस्त नगरवासियों की ओर से नाहन एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और भगवान वामन का आशीर्वाद प्राप्त करें।

महोत्सव के सफल और सुचारू संचालन के लिए गठित कार्यकारिणी में महिपाल बैरागी को अध्यक्ष, नितिन बैरागी को सचिव तथा अनुज बैरागी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यकारिणी के साथ-साथ ट्रस्ट के सदस्यों में प्रदीप, धर्मिंदर, तुलसीदास, राजेश, अनिल, विशाल, सन्नी, रमन, युग, वंश, सौरव, योगेश्वर, कार्तिक, नितिश, केशव, दिव्यांश, राहुल और रोहित सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।