नाहन: जिला सिरमौर के जमटा में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने वाली 21 वर्षीय नवविवाहिता की उपचार के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। करीब दो हफ्तों तक नाहन के मेडिकल कॉलेज में गंभीर हालत में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रहने के बाद आखिरकार बीती शाम निशा जिंदगी की जंग हार गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाहन के बनेठी क्षेत्र के बोहल गांव की रहने वाली निशा (पुत्री राजेंदर सिंह) की शादी जमटा के ग्रहां गांव में विक्रम सिंह के साथ हुई थी। गत 11 तारीख को निशा ने अपने ससुराल जमटा में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन में भर्ती करवाया गया था, जहाँ उसकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और वह ऑक्सीजन सपोर्ट पर थी।

उपचार के दौरान पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए थे। पुलिस को दिए बयान में 21 वर्षीय निशा ने बताया था कि उसने अपनी मर्जी से यह कदम उठाया है। हालांकि, उसने ऐसा कठोर कदम किस दबाव या परिस्थिति में उठाया, इसका खुलासा नहीं हो सका है।
बीती शाम आखिरकार इलाज के दौरान निशा ने दम तोड़ दिया। मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगामी तफ्तीश जारी रखी है।