नाहन : जिला सिरमौर में मादक पदार्थों और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट नाहन की पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक नशा तस्कर को 3.61 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ धर दबोचा है।
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार (25 सितंबर) को SIU नाहन की पुलिस टीम जब रैनबैक्सी चौक पांवटा साहिब के समीप गश्त पर तैनात थी, उसी दौरान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के मुताबिक अनीश मोहम्मद उर्फ नीशू (पुत्र श्री रशीद मोहम्मद, निवासी सैनवाला मुबारिकपुर, माजरा) काफी समय से पांवटा, माजरा और आसपास के इलाकों में चिट्टा व स्मैक बेचने का अवैध धंधा कर रहा है।

सूचना में यह भी बताया गया था कि आरोपी अपनी मोटरसाइकिल (नंबर HP17E-3122) पर सवार होकर कुंजा की तरफ से माजरा की ओर जा रहा है और यदि तुरंत नाकेबंदी कर चेकिंग की जाए तो नशीला पदार्थ बरामद हो सकता है।
गुप्त सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए बाइक सवार आरोपी को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.61 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा उसकी मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगामी तफ्तीश कर यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह चिट्टा कहाँ से लाया था और किन-किन लोगों को सप्लाई करने जा रहा था।