नाहन से उठी नशे के खिलाफ हुंकार, बाइक रैली को डीसी प्रियंका वर्मा ने दिखाई हरी झंडी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त हिमाचल’ अभियान को गति देने के लिए जिला प्रशासन सिरमौर ने नाहन ब्लॉक से एक विशेष बाइक जागरूकता रैली की शुरुआत की है। इस रैली का मुख्य उद्देश्य हर गांव, हर घर और हर नागरिक तक नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना है।

रैली का फ्लैग-ऑफ करते हुए उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम विभिन्न विभागों के साझा सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। बाइक रैली के जरिए सड़कों, बाजारों और ग्रामीण इलाकों में घूम-घूमकर आम जनता, युवाओं और राहगीरों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।

डीसी प्रियंका वर्मा के अनुसार, इस जागरूकता अभियान को केवल नाहन तक सीमित न रखकर जिले के हर विकास खंड (ब्लॉक) में शुरू किया जा रहा है। इस पूरी पहल का मुख्य लक्ष्य समाज के युवाओं, बच्चों और वयस्कों को नशे के चंगुल से बचाना तथा उन्हें एक नशा-मुक्त और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

इस दौरान बड़े पैमाने पर सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। रैली के माध्यम से जगह-जगह पंपलेट बांटकर, प्रभावशाली नारों और जागरूकता संदेशों के जरिए समाज के हर वर्ग तक सीधी पहुंच बनाई जाएगी, ताकि हर नागरिक नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सजग और सतर्क हो सके।

उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने स्पष्ट किया कि जब तक समाज का हर नागरिक और अभिभावक इस पहल से नहीं जुड़ेगा, तब तक नशामुक्त समाज का सपना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और हिमाचल को नशा मुक्त बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।