सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के परवाणू में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार चोरी की एक बड़ी गुत्थी को महज कुछ ही समय में सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में 21 साल के एक शातिर युवक को गिरफ्तार कर करीब 9 लाख रुपये की चोरी हुई कार को सुरक्षित बरामद कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।

टायर बदलते वक्त अंदर छूट गई थी चाबी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिरमौर निवासी शर्मा चंद ने परवाणू थाने में गाड़ी चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। शर्मा चंद ने बताया कि उन्होंने दत्यार स्थित एक पेट्रोल पंप के पास अपनी गाड़ी पार्क की थी। गाड़ी का टायर पंचर होने पर वह उसे बदलने लगे और इसी जल्दबाजी में गाड़ी की चाबी अंदर ही लगी छूट गई।
अगले दिन जब वह अपनी पत्नी के साथ PGI जाने के लिए वहां पहुंचे, तो गाड़ी वहां से गायब थी। आसपास तलाश करने पर जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
CCTV और तकनीकी जांच से कसा शिकंजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए परवाणू पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के संभावित रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर पुलिस ने जल्द ही आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर ली।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय साहिल पुत्र शिवाकर, निवासी गांव पुरला, सेक्टर-2, परवाणू को सेक्टर-6, परवाणू से धर दबोचा। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुई कार भी अपने कब्जे में ले ली।
आदतन अपराधी है साहिल, दर्ज हैं 3 मामले
पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी साहिल पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही अलग-अलग पुलिस थानों में कुल 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिसमें परवाणू पुलिस थाना में अपहरण का एक मामला, कसौली और धर्मपुर पुलिस थाने में चोरी के दो अलग-अलग मामले हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस फिलहाल इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि इस वारदात में उसके साथ कोई और तो शामिल नहीं था।