शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। ठियोग इलाके से तीन बच्चे एक साथ रहस्यमयी तरीके से लापता हो गए हैं। तीनों बच्चे 15 नवंबर की शाम करीब 6 बजे से अपने घरों से गायब हैं, जिसके बाद से परिजनों और पूरे इलाके में भारी चिंता का माहौल है। पुलिस और स्थानीय लोग बच्चों की सुरक्षित वापसी के लिए सरगर्मी से तलाश में जुटे हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लापता हुए तीनों बच्चे ठियोग तहसील के ही अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। लापता हुए तीनों बच्चों में दिव्यांश निवासी गांव नमोटी, आदित्य शर्मा निवासी गांव धगाली, डाकघर बलग व शिवांश शर्मा निवासी गांव चिखड़, डाकघर संधू बताए गए हैं।
पुलिस और परिजनों की अपील
बताया जा रहा है कि 15 नवंबर की शाम को जब काफी देर तक बच्चे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने पहले अपने स्तर पर आसपास और सभी संभावित जगहों पर उनकी तलाश की। कोई सुराग हाथ न लगने पर फौरन पुलिस को मामले की सूचना दी गई। तीनों बच्चों के एक साथ गायब होने से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी ने भी इन बच्चों को कहीं देखा है या इनके बारे में कोई छोटी सी भी जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके साथ ही लोगों से यह खास आग्रह किया गया है कि बिना पुष्टि के कोई अफवाह न फैलाएं, क्योंकि इस समय पुलिस और परिजनों की सबसे बड़ी प्राथमिकता सिर्फ बच्चों की सुरक्षित घर वापसी है।