पवित्र रेणुकाजी तीर्थ में शादी समारोह में छलके जाम, आयोजक पर FIR दर्ज

नाहन : विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल श्री रेणुकाजी की पवित्रता और जन-आस्था को ठेस पहुँचाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ के मेला मैदान में एक विवाह समारोह के दौरान शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, ददाहू निवासी हरीश कुमार (पुत्र विनोद कुमार) को 4 और 5 मई 2026 को रेणुकाजी मेला मैदान में विवाह समारोह आयोजित करने के लिए अस्थायी अनुमति दी गई थी। यह अनुमति वन मंडल अधिकारी रेणुकाजी द्वारा प्रदान की गई थी।

समारोह संपन्न होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और जानकारी वायरल हुई, जिसमें कार्यक्रम स्थल पर सरेआम शराब का सेवन करते हुए लोग नजर आए। चूँकि श्री रेणुकाजी क्षेत्र करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ा है और यहाँ शराब का सेवन पूर्णतः वर्जित है, इसलिए इस घटना ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी रोष पैदा कर दिया।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री रेणुकाजी के वन परिक्षेत्र अधिकारी (RO) अनुज तोमर ने पुलिस को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना रेणुकाजी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।