नाहन : पांवटा साहिब के कोर्ट रोड पर हुई सनसनीखेज वारदात को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने हरियाणा के यमुनानगर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान 21 वर्षीय कमल और 21 वर्षीय निखिल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका रिमांड हासिल कर लिया है ताकि इस साजिश के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा सके।
यह घटना 3 और 4 मई 2026 की मध्यरात्रि की है, जब कोर्ट रोड निवासी रणजीत सिंह के घर के बाहर खड़ी कार को आग के हवाले कर दिया गया था। रात करीब दो बजे जब पीड़ित की नींद खुली, तो उन्होंने अपनी कार (HP17G-1000) को आग की लपटों में घिरा पाया। शोर सुनकर आए पड़ोसियों और दमकल विभाग की कड़ी मशक्कत के बावजूद गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई थी।

पुलिस जांच और घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से इस वारदात का खौफनाक सच सामने आया। फुटेज में साफ दिखा कि दो बाइकों पर सवार होकर पांच युवक वहां पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइकें कुछ दूरी पर खड़ी कीं और फिर घर के गेट के भीतर पेट्रोल छिड़ककर कार में आग लगा दी। इस तकनीकी साक्ष्य और साइबर सेल की मदद से पुलिस आरोपियों के ठिकाने तक पहुंचने में कामयाब रही।
पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 326 (g), 324 (4) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में शामिल अन्य तीन फरार साथियों को पकड़ा जा सके और यह पता लगाया जा सके कि इस रंजिश के पीछे का असली मकसद क्या था।