नाहन : सिरमौर जिले के पुलिस थाना पांवटा साहिब के अंतर्गत लापरवाही और तेज रफ्तार का एक गंभीर मामला सामने आया है। सड़क पार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे महिला के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
7 नवंबर को पुलिस थाना पांवटा साहिब में कृष्ण कांत पुत्र समर नाथ, निवासी बलदेव नगर, बरनाला, तहसील अंबाला कैंट, जिला अंबाला (हरियाणा) ने लिखित शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के अनुसार, यह हादसा दिनांक 26 अक्टूबर को रात करीब 8:26 बजे पेश आया।

शिकायतकर्ता की बहन भावना जब पांवटा साहिब स्थित आईटीआई के सामने सड़क पार कर रही थी, उसी दौरान एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने अपने वाहन को बेहद तेज रफ्तार, लापरवाही और गफलत से चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर से भावना सड़क पर गिर गईं और उनके सिर तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद घायल भावना को प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया। हालांकि, सिर और शरीर पर गंभीर चोटें होने के कारण उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत सिनर्जी अस्पताल, देहरादून के लिए रेफर कर दिया, जहां वर्तमान में उनका विशेषज्ञ चिकित्सा निगरानी में उपचार जारी है।
शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस थाना पांवटा साहिब में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर टक्कर मारने वाले मोटरसाइकिल व उसके चालक की तलाश कर रही है तथा मामले में आगामी जांच जारी है।