नाहन : उपमंडल संगड़ाह के मुख्य बाजार में ड्यूटी पर तैनात एक गृह रक्षक (होमगार्ड) पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने न केवल जवान का रास्ता रोका बल्कि उनके सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना संगड़ाह में तैनात 55 वर्षीय होमगार्ड जवान धर्मपाल (पुत्र श्री जिया लाल, निवासी गांव डेबरघाट, डाकघर भुजौण्ड, तहसील नौहराधार) ने शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि आज सुबह करीब 8:35 बजे वह संगड़ाह बाजार के काली मिट्टी क्षेत्र से चाय पीकर वापस पुलिस थाना की ओर लौट रहे थे।

पीड़ित जवान का आरोप है कि रास्ते में अनिल (पुत्र उदय सिंह, निवासी गांव व डाकघर सियूं, तहसील संगड़ाह) ने अचानक उनका रास्ता रोक लिया। बिना किसी कारण के आरोपी ने जवान के साथ मारपीट शुरू कर दी और पत्थर उठाकर उनके सिर पर दे मारा, जिससे वह लहूलुहान होकर चोटिल हो गए।
घटना के बाद पीड़ित जवान को उपचार के लिए ले जाया गया। पुलिस थाना संगड़ाह ने शिकायत के आधार पर आरोपी अनिल के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अभियोग (FIR) पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है और हमले के कारणों का पता लगाया जा रहा है।