नाहन : सिरमौर जिले के कालाअंब थाना क्षेत्र के तहत एसटीएफ शिमला की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। गश्त के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को भारी मात्रा में चिट्टे (हेरोइन) के साथ दबोचने में कामयाबी पाई है। आरोपियों के कब्जे से कुल 11.46 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
आज पुलिस थाना कालाआम्ब के अंतर्गत एसटीएफ शिमला की पुलिस टीम गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा नंबर की एक मोटरसाइकिल (एचआर-02एजे-4689, होंडा फिनिक्स) पर सवार होकर दो संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर कालाआम्ब की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही सतर्क हुई एसटीएफ टीम ने तुरंत जाल बिछाया और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर दोनों सवारों से पूछताछ शुरू की।

गिरफ्तार किये गए आरोपियों की पहचान गगनदीप (उम्र 32 वर्ष), निवासी बेरखेड़ी माजरा, तहसील नारायणगढ़, जिला अम्बाला (हरियाणा) तथा सन्नी कुमार (उम्र 30 वर्ष), निवासी सकरपुरा, तहसील नारायणगढ़, जिला अम्बाला (हरियाणा) के रूप में हुई है ।
पुलिस टीम द्वारा की गई तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 11.46 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने ND&PS Act के तहत पुलिस थाना कालाआम्ब में मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को माननीय अदालत के समक्ष पेश किया गया जहां से उनको 3 दिन के पुलिस रिमाँड पर भेजा गया है ।