पांवटा साहिब में घर के अंदर से ही चिट्टा बेचता व्यक्ति दबोचा, 11 ग्राम से ज्यादा खेप बरामद

नाहन : पांवटा साहिब शहर के बीचों-बीच चल रहे नशे के काले कारोबार पर पुलिस ने एक और बड़ा सर्जिकल स्ट्राइक किया है। जिला सिरमौर की ‘डिटेक्शन सैल पांवटा साहिब’ की टीम ने देवीनगर क्षेत्र में दबिश देकर एक स्थानीय व्यक्ति को उसके घर से ही भारी मात्रा में स्मैक (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी अपने घर को ही नशे की सप्लाई का अड्डा बनाकर बैठा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज डिटेक्शन सैल पांवटा साहिब की विशेष टीम क्षेत्र में गश्त पर थी और मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर गुप्त सूचनाएं जुटा रही थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता और सटीक गुप्त सूचना मिली कि वार्ड नंबर 10, देवीनगर (पांवटा साहिब) का ही रहने वाला इन्दरपाल पुत्र मंगत राम, अपने घर के अंदर से ही स्मैक और हेरोइन बेचने का अवैध धंधा धड़ल्ले से चला रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी इन्दरपाल के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से 11.01 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद करने में सफलता हासिल की। शहर के रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक मिलना पुलिस प्रशासन के लिए भी एक बड़ी कामयाबी है।

पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले पदार्थ को तुरंत जब्त कर आरोपी इन्दरपाल को गिरफ्तार कर लिया है। थाना पांवटा साहिब में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया जा रहा है। रिमांड के दौरान पुलिस इस बात का पता लगाएगी कि पांवटा साहिब में नशे की यह बड़ी खेप कहां से सप्लाई होकर आई थी और आरोपी इसे शहर के किन-किन युवाओं या छोटे पैडलर्स को बेचने की फिराक में था, ताकि इस पूरे नशा तस्कर गिरोह की जड़ों को उखाड़ा जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।