पांवटा साहिब में दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आए सुरला क्षेत्र के पूर्व सैनिक की गई जान

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पांवटा साहिब के भूपूर में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पूर्व सैनिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय सुखदर्शन शर्मा पुत्र राम नाथ सिंह , निवासी कठना (जामली), सुरला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, भूपूर में सुखदर्शन शर्मा की जमीन है और वे शुक्रवार को अपनी उसी जमीन को देखने के लिए वहां गए हुए थे। गौरतलब है कि भूपूर में इन दिनों सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसके चलते मार्ग पर यातायात व्यवस्था काफी प्रभावित और अव्यवस्थित बनी हुई है। इसी दौरान जब सुखदर्शन शर्मा अपनी बाइक (HP 18A 6774) पर सवार थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर अचेत अवस्था में गिर पड़े।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर एकत्रित होकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से तुरंत स्थानीय सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

देवका पुरला पंचायत की प्रधान दीपिका चौहान ने मृतक के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सुखदर्शन शर्मा (48) करीब दो साल पहले ही भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वे वर्तमान में डीएससी ( डिफेंस सिक्योरिटी कोर) में जैसलमेर (राजस्थान) में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

उनके आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे अपने पीछे पत्नी (गृहिणी) और दो बेटे छोड़ गए हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed