नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब के तहत पुलिस थाना माजरा क्षेत्र के कोलर में खेत के रास्ते और मेड़ पर रखे पत्थरों को हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई है। इस विवाद में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस थाना माजरा में एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं।
पहले पक्ष से गांव सुखचैनपुर (डाकघर कोलर) निवासी नीलम देवी पत्नी जयपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 नवंबर की सुबह वह अपने पति जयपाल सिंह के साथ खेत में काम कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने अपने देवर सुरेन्द्र सिंह को रास्ते में रखे पत्थर हटाने के लिए कहा। आरोप है कि सुरेन्द्र सिंह द्वारा पत्थर न हटाने पर जब नीलम देवी खुद पत्थर हटाने लगीं, तो सुरेन्द्र सिंह ने मौके पर आकर उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया। जब उनके पति जयपाल सिंह बीच-बचाव करने आए, तो सुरेन्द्र सिंह, उनकी पत्नी रीता, बेटे राहुल और बेटी माधुरी ने जयपाल सिंह को पकड़कर नीचे गिरा दिया और उनके साथ मारपीट की।

वहीं, दूसरे पक्ष से कोलर निवासी रीता देवी पत्नी सुरेन्द्र पाल सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। रीता देवी के अनुसार, 18 नवंबर की सुबह वह अपने खेत के साथ लगते रास्ते में और उनके पति खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान जयपाल सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी वहां आए और उनके खेत की डोल (मेड़) पर रखे पत्थरों को उठाकर फेंकने लगे। रीता देवी का आरोप है कि जब उन्होंने और उनके पति ने ऐसा करने से रोका, तो जयपाल सिंह और नीलम देवी ने उनके साथ मारपीट की।
पुलिस थाना माजरा में 18 और 19 नवंबर को दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मामले पंजीकृत कर लिए गए हैं। पुलिस मामले के तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है।