पांवटा साहिब में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : राष्ट्रीय राजमार्ग NH-707 पर राजबन के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है, जिसमें एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल की पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस थाना पुरूवाला में दर्ज शिकायत के अनुसार, बालीवाला (डाकघर राजबन, तहसील पांवटा साहिब) निवासी राजेन्द्र कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने घर के बाहर NH-707 के किनारे खड़ा था।

इसी दौरान पांवटा साहिब की तरफ से सतौन की ओर एक पिकअप (नंबर HP17G-8418) जा रही थी। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बिना नंबर की मोटरसाइकिल ने पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। पूछताछ और शिनाख्त के दौरान मोटरसाइकिल चालक की पहचान विकेश (निवासी गांव मालगी, डाकघर छछेती) के रूप में हुई, जिसकी इस हादसे में जान चली गई। वहीं, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक की पहचान गौरव सिंह (निवासी गांव सिरमौरी ताल, डाकघर राजबन, तहसील पांवटा साहिब) के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, यह हादसा मोटरसाइकिल चालक विकेश द्वारा वाहन को अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाने के कारण घटित हुआ। पुरूवाला पुलिस ने शिकायत के आधार पर मृतक मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला पंजीकृत कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम करवाने के साथ-साथ हादसे के कारणों की आगामी कानूनी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।