सोलन: हिमाचल प्रदेश में नालागढ़ उपमंडल के बघेरी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में चल रहा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर संपन्न हो गया है। कार्यक्रम का समापन एक शानदार समारोह के साथ हुआ, जिसमें स्कूल की प्रधानाचार्या मंजुला बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

इस मौके पर एनएसएस प्रभारी गुरदीप सिंह और रणजीत कौर ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। मंच संचालन की जिम्मेदारी अंग्रेजी प्रवक्ता प्रियंका कुमारी ने संभाली। इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने सरस्वती वंदना, पंजाबी नृत्य, गिद्दा और एकल गीतों की आकर्षक प्रस्तुति से वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।
शिविर के दौरान बेहतरीन काम करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया गया। हरजीत सिंह और इंदरजीत कौर को कैंप का ‘बेस्ट वालंटियर’ चुना गया। इसके साथ ही, कैंप में हिस्सा लेने वाले सभी 24 स्वयंसेवकों को उनके अच्छे प्रदर्शन के लिए स्मृति चिह्न देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या मंजुला ने दोनों एनएसएस प्रभारियों और सभी स्वयंसेवकों को शिविर के सफल आयोजन की बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों के अंदर सामाजिक जिम्मेदारी और समाज सेवा की भावना पैदा करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर स्कूल का पूरा स्टाफ भी मौजूद रहा।