नाहन : नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर 4 में स्थानीय निवासियों को लंबे समय से पेश आ रही एक बड़ी नागरिक समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। वार्ड पार्षद पूजा तोमर ने जनसमस्या को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्र में ढलान (उतराई) को हटवाकर फिर से सीढ़ियों का निर्माण कार्य पूर्ण करवाया है। इस कदम से बरसात के मौसम में लोगों के घरों में पानी घुसने की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, उक्त स्थान पर पहले आवाजाही के लिए सीढ़ियां बनी हुई थीं। हालांकि, कुछ समय पूर्व इन्हें समतल ढलान (स्लोप) में बदल दिया गया था। इस बदलाव के कारण बारिश का तेज बहाव ढलान के सहारे सीधे आसपास के निचले रिहाइशी मकानों की ओर मोड़ने लगा। हर बारिश में बरसाती पानी लोगों के घरों के भीतर तक घुस जाता था, जिससे निवासियों को भारी नुकसान और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वार्ड नंबर 4 की पार्षद पूजा तोमर ने व्यक्तिगत रूप से स्थिति का जायजा लिया और तुरंत सीढ़ियों के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू करवाया। सीढ़ियों के बनने से अब पानी का सीधा बहाव रुकेगा और जलजमाव की समस्या पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
कार्य पूरा होने पर वार्डवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए पार्षद पूजा तोमर का त्वरित और संवेदनशीलता से समाधान निकालने के लिए आभार व्यक्त किया। पार्षद पूजा तोमर ने कहा कि वार्ड के लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। जनता को रोजमर्रा की जिंदगी में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड का विकास केवल बड़े कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।