पांवटा साहिब: यमुना पुल से व्यक्ति के नदी में कूदने की सूचना, सर्च ऑपरेशन जारी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर स्थित यमुना पुल से एक व्यक्ति द्वारा अचानक यमुना नदी में छलांग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है तथा पुलिस व स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए हैं।

लापता व्यक्ति की पहचान नितिन गुप्ता (54 वर्ष), पुत्र सुरेंद्र गुप्ता, निवासी डिग्री कॉलेज के पास, पांवटा साहिब के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार नितिन गुप्ता पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।

घटना वाले दिन शाम के समय वह बिना कुछ बताए घर से निकले थे। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच यमुना पुल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति ने पुल पर रुककर पानी की गहराई देखी और देखते ही देखते नदी में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पूरी घटना पास के गोविंद घाट पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में भी कैद हो गई है, जिसमें व्यक्ति को सामान्य रूप से पुल पर आकर नदी में कूदते देखा जा सकता है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है। हालांकि नदी के तेज बहाव के कारण देर रात तक व्यक्ति का कोई सुराग नहीं लग पाया था।

इस दुखद घटना के बाद से लापता नितिन गुप्ता के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और समूचे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और यमुना नदी में तलाश अभियान लगातार जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।