नाहन : नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत SIU नाहन की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने पांवटा साहिब के यमुना बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान उत्तर प्रदेश के एक युवक को 3.40 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल SIU नाहन की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश का रहने वाला अफजल नामक व्यक्ति लंबे समय से पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा बेचने का अवैध धंधा कर रहा है। सूचना मिली थी कि आरोपी इस समय उत्तराखंड के कुलहाल की तरफ से पैदल ही पांवटा साहिब की ओर आ रहा है।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए SIU टीम ने यमुना बैरियर पर पुल के पास घेराबंदी की। कुछ ही देर में कुलहाल की तरफ से पैदल आ रहे एक संदिग्ध युवक को पुलिस टीम ने इशारा कर रोका और काबू किया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अफजल पुत्र रफीक, निवासी गांव, डाकघर व तहसील बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। पुलिस टीम द्वारा जब नियमानुसार युवक की तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से कुल 3.40 ग्राम मादक पदार्थ चिट्टा/स्मैक बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी अफजल को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा मामले में आगामी जांच की जा रही है।