पांवटा साहिब: सूरजपुर में ट्रक से टकराई बाइक, युवक की मौके पर मौत

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना पांवटा साहिब के अंतर्गत सूरजपुर (NH-07) के पास एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के ट्रक से टकरा जाने से भीषण सड़क हादसा पेश आया। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। पुलिस ने मृत चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनय गोयल (निवासी सूरजपुर, डाकघर पुरुवाला, काशीपुर, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर) ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज करवाया है कि बीती रात करीब 9:15 बजे वह अपने घर के बाहर नेशनल हाईवे-07 (NH-07) सूरजपुर पर टहल रहे थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उसी दौरान माजरा की तरफ से पांवटा साहिब की ओर एक ट्रक (नंबर HP17B-8059) अपनी सही दिशा में जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल (नंबर UP61BV-3351) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए आगे चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल हुए मोटरसाइकिल चालक को तुरंत उपचार के लिए जे.सी. जुनेजा अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सा अधिकारी ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ यानी मृत घोषित कर दिया। मृतक मोटरसाइकिल चालक की पहचान अजय कुमार (पुत्र हरबिंद, निवासी गाजीपुर, कुसुम्पटी, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने घटना की पुस्टि करते हुए बताया कि यह दुर्घटना मोटरसाइकिल (UP61BV-3351) के चालक अजय कुमार द्वारा अपने वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाने के कारण हुई है। पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपी (मृतक) चालक के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और मामले में आगामी कानूनी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed