नाहन : विश्व साइकिल दिवस के पावन अवसर पर आज पावंटा साहिब के बद्रीपुर में ‘उम्मीद फाउंडेशन’ द्वारा एक विशाल और प्रेरणादायक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आज के समय में गहराते ऊर्जा संकट से निपटने के लिए साइकिल जैसे पर्यावरण-अनुकूल यातायात साधनों को बढ़ावा देना और साथ ही क्षेत्र में पैर पसार रहे नशे के खिलाफ समाज में एक सशक्त जागरूकता पैदा करना था। कार्यक्रम में संस्था द्वारा संचालित बच्चों के ‘पैंथर्स क्लब पाँवटा साहिब’ ने भी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित इस रैली का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और सुप्रसिद्ध समाज सेवी ताहिर हुसैन द्वारा किया गया। शाम ठीक 4 बजे बद्रीपुर से शुरू होकर यह रैली क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों बैंकुआ, जामनीवाला, आजीवाला, कुंडियों, टोका से गुजरती हुई गुलाबगढ़ में संपन्न हुई। रैली के दौरान सभी प्रतिभागी अपनी साइकिलों के आगे “नशे को ना कहो” और स्वास्थ्य से जुड़े संदेशों वाले पोस्टर्स लगाए हुए थे। इसके साथ ही, रास्ते में आने वाले आम लोगों को जागरूक करने के लिए पेम्प्लेट्स (सूचना पत्रक) भी बांटे गए।

शाम को संयोजिका साहना के नेतृत्व में क्षेत्र के बच्चों और वयस्कों ने बड़ी संख्या में अपनी-अपनी साइकिलों के साथ इसमें भाग लिया। रैली में निशा, आयशा, ज़ेबा, सानिया, जुनैद, तौसीफ़, वंशिका, शाहबाज़, सुन्फी, अयान, बिलाल, अज़हान, ज़ुबैर, रिहान, रिज़वान, पीहू, अरमान, आलम, माहिरा, फ़िज़ा, अक्षा, कैफ़ और गौरव सहित कई उत्साही प्रतिभागियों ने पैडल मारकर समाज को बदलाव का संदेश दिया।
रैली की शुरुआत से पहले मुख्य अतिथि ताहिर हुसैन ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए ऊर्जा बचाने की आवश्यकता और साइकिल चलाने के शारीरिक व मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने युवाओं को नशे की गर्त से दूर रहकर एक स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। वहीं, कार्यक्रम की संयोजिका साहना ने बच्चों को अच्छी आदतें अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली का पालन करने और नशे से होने वाले सामाजिक व आर्थिक नुकसान के प्रति सचेत किया।
कार्यक्रम के समापन पर संयोजिका साहना ने मुख्य अतिथि ताहिर हुसैन और रैली को सफल बनाने वाले सभी बच्चों व वालंटियर्स का उनके बहुमूल्य सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस सफल और प्रभावशाली आयोजन के लिए ‘उम्मीद फाउंडेशन’ के निदेशक जावेद उल्फ़त ने भी संयोजिका साहना को विशेष रूप से बधाई दी और रैली में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं व प्रतिभागियों का सहृदय धन्यवाद किया।