सोलन : हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग के एक कर्मठ, विनम्र और बेहद कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी सहायक उप निरीक्षक (ASI) राम कुमार राणा का आकस्मिक निधन हो गया है। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे, जिसके चलते दिनांक 14 मई 2026 को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग सहित पूरे सोलन जिले और उनके पैतृक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्व. श्री राम कुमार राणा मूल रूप से सोलन जिले की तहसील नालागढ़ के तहत आने वाले गांव स्केडी (डाकघर जोगों) के निवासी थे। वह वर्ष 2002 में हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में बतौर आरक्षी (कांस्टेबल) भर्ती हुए थे। अपनी कड़ी मेहनत, उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और सेवा के प्रति समर्पण के चलते वह लगातार पदोन्नत होते हुए सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद तक पहुंचे थे। वर्तमान में वह पुलिस थाना बद्दी में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

अपने लगभग 24 वर्षों के सेवाकाल के दौरान श्री राम कुमार राणा जी ने पुलिस विभाग में एक अनुकरणीय, निष्ठापूर्ण और अविस्मरणीय सेवाएं प्रदान कीं। उन्हें विभाग में एक बेहद मिलनसार, शांत और अपने काम के प्रति गंभीर अधिकारी के रूप में जाना जाता था। बद्दी और नालागढ़ क्षेत्र में अपनी डयूटी के दौरान उन्होंने हमेशा जनता और कानून व्यवस्था के बीच एक बेहतरीन समन्वय बनाकर रखा।
बद्दी पुलिस प्रशासन और हिमाचल पुलिस परिवार ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। सहकर्मियों का कहना है कि राम कुमार राणा जी का अचानक चले जाना पूरे पुलिस परिवार को स्तब्ध कर गया है।