सोलन: रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में स्थित तीन नामी कंपनियों द्वारा कुल 95 पदों पर भर्ती के लिए 27 नवंबर 2026 को कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। यह साक्षात्कार मॉडल कैरियर सेंटर (उप-रोजगार कार्यालय) बद्दी, नजदीक गुरुद्वारा संडोली में होगा। जिला रोजगार अधिकारी सोलन ने इस संबंध में जानकारी साझा की है।

किन कंपनियों में कितने पद और क्या है योग्यता?
जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार, इस कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से मैसर्ज़ एक्मे जेनेरिक्स प्राइवेट लिमिटेड, बद्दी द्वारा हेल्पर के 60 पद, मैसर्ज़ पिनैकल लाइफ साइंस प्राइवेट लिमिटेड, बद्दी द्वारा अप्रेंटिस के 15 पद और मैसर्ज़ वीनस रेमेडीज़ लिमिटेड, बद्दी द्वारा हेल्पर के 20 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं और आईटीआई निर्धारित की गई है, जबकि आवेदकों की आयु सीमा 20 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
ईईएमआईएस पोर्टल पर आवेदन और पंजीकरण अनिवार्य
इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार इन पदों की विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल ईईएमआईएस (EEMIS) पर देख सकते हैं। आवेदकों को पोर्टल के कैंडिडेट लॉगइन टैब के जरिए पंजीकरण कर अपनी प्रोफाइल पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन करना होगा। आवेदन करने से पहले प्रत्येक उम्मीदवार का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है।
पात्र युवा 27 नवंबर को सुबह 10:30 बजे अपने सभी अनिवार्य शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों और दस्तावेजों के साथ मॉडल कैरियर सेंटर (उप-रोजगार कार्यालय) बद्दी पहुंचकर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार दूरभाष नंबर 98726-40412 और 98169-28706 पर संपर्क कर सकते हैं।