बी.एल. स्कूल का परीक्षा परिणाम रहा शत-प्रतिशत, प्राची मलासी ने हिमाचल में पाया छठा स्थान

सोलन : हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित बारहवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणामों में बी.एल. स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसमें विज्ञान संकाय की छात्रा प्राची मलासी ने पूरे प्रदेश की मेरिट सूची में 97.8% अंक हासिल कर छठा स्थान प्राप्त किया है। प्राची की इस उपलब्धि से स्कूल और क्षेत्र में खुशी की लहर है।

स्कूल में विज्ञान संकाय का दबदबा रहा। प्राची मलासी के बाद महक ने 95.2% अंकों के साथ स्कूल में दूसरा, अनुभव पटियाल ने 93.6% अंकों के साथ तीसरा और जैनव सलमानी ने 93.4% अंक लेकर चौथा स्थान प्राप्त किया। विशेष बात यह रही कि विज्ञान संकाय के अधिकांश विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक अर्जित किए हैं।

वाणिज्य संकाय में मानसी ने 94.6% अंक लेकर प्रथम, मयंक ने 93.6% अंकों के साथ द्वितीय और सान्या ने 90.6% अंक लेकर तृतीय स्थान पाया। वहीं, कला संकाय में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें आलोक ने 95.4% अंक लेकर पहला, भारती शर्मा ने 94.8% के साथ दूसरा और गौरी वर्मा ने 91.4% अंक लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। कला संकाय के अधिकतर छात्र 80% से अधिक अंक लाने में सफल रहे।

इस परिणाम की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि अधिकांश होनहारों ने बिना किसी बाहरी कोचिंग के, केवल स्कूल की पढ़ाई और अपनी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर स्कूल प्रबंधक वीना बक्शी ने सभी छात्रों और उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी। स्कूल की प्रधानाचार्या रुचिका ने मेधावियों का मुंह मीठा करवाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस शानदार उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और अध्यापकगण के कुशल मार्गदर्शन को दिया और सभी शिक्षकों का धन्यवाद व्यक्त किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।