मंडी में CM ने किया एंटी-चिट्टा वाकथॉ’ का नेतृत्व, कहा नशा तस्करों के लिए समाज में कोई जगह नहीं

Photo of author

By Hills Post

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज मंडी में एंटी-चिट्टा जागरूकता वाकथॉन का नेतृत्व किया। यह वाकथॉन पड्डल मैदान से शुरू होकर बस स्टैंड और सेरी मंच होते हुए वापस पड्डल मैदान में ही संपन्न हुई। इस आयोजन में पूरे जिले से बड़ी संख्या में छात्रों और आम लोगों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को एंटी-चिट्टा शपथ दिलाई और प्रदेश के लोगों, खासतौर पर युवाओं से नशामुक्त हिमाचल अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

नशा तस्करों पर कसा शिकंजा, 92 करोड़ की संपत्ति जब्त
पड्डल मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि चिट्टा बेचकर चंद पैसों के लिए युवाओं की जिंदगी तबाह करने वालों के लिए इस समाज में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सरकार की नीति बिल्कुल स्पष्ट और सख्त है।

युवाओं को सौंपी जिम्मेदारी, टोल फ्री नंबर 112 पर दें सूचना
मुख्यमंत्री ने इस लड़ाई में माता-पिता, शिक्षकों, पंचायतों, महिला मंडलों और युवा मंडलों से सहयोग की अपील करते हुए इसकी बड़ी जिम्मेदारी युवाओं को सौंपी। उन्होंने आह्वान किया कि अगर कोई भी व्यक्ति चिट्टे की बिक्री या नशे से जुड़ी किसी गतिविधि को देखता है, तो वह चुप न रहे। लोग आपातकालीन टोल फ्री नंबर 112 पर पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने बताया कि सटीक जानकारी देने वालों को राज्य सरकार द्वारा पुरस्कृत करने का भी प्रावधान किया गया है।

मंडी को मिला 6.55 करोड़ का जिला पुस्तकालय
अपने मंडी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 6 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले जिला पुस्तकालय भवन की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, चंद्रशेखर, सुरेश कुमार, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी, उपायुक्त अपूर्व देवगन और कांग्रेस के कई पदाधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।