हमीरपुर: मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि मानसिक शांति के लिए आवश्यक है कि हम अपना कुछ समय प्रार्थना में व्यतीत करें। वे आज जिला कांगड़ा के ज्वाली उपमण्डल में स्थित भरमार आश्रम में स्वामी परमज्ञानानंद पुरी जी महाराज के शताब्दी समारोह के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने श्रद्धालुओं को गोपाष्टमी समारोह की बधाई दी।

प्रो. धूमल ने कहा कि गुरूजनों और ऋषि-मुनियों के सामिप्य से व्यक्ति जीवन की वास्तविकता से परिचित होता है, जिससे उसे जीवन में प्रकाश प्राप्त होता है। इससे वह विश्वास और दृढ़ता के साथ जीवन के संघर्षां का सफलतापूर्वक सामना कर पाने में सक्षम होता है। उन्होंने कहा कि जीवन के बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने में सही मार्गदर्शन की विशेष भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक परम्परा विशेष रूप से समृद्ध है और हमें दैनिक जीवन में इसे अपनाना चाहिए। हिन्दू धर्म कोई धर्म नहीं बल्कि यह जीवन जीने का मार्ग है। उन्होंने कहा कि विश्वास की पवित्रता समाप्त नहीं हुई है अपितु यह आज और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि अध्यात्म सबसे ऊपर है और लोगों को इसका सम्मान करना चाहिए।

मुख्य मंत्री ने देश की समृद्ध सांस्कृति विरासत और परम्परा को बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अपने माता-पिता और बड़ों की सेवा करना हमारा कर्तव्य है। छात्रों को अपने अध्यापकों को सम्मान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय सामाजिक प्रणाली में महिलाओं को सदैव विशेष सम्मान दिया गया है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया वे महिलाओं का सम्मान करें। उन्होंने युवा पीढ़ी से आग्रह किया कि वे अपने बड़ों विशेषकर माता-पिता का आदर करें। उन्होंने कहा कि हालांकि राज्य सरकार ने माता-पिता की देखभाल के लिए कानून बनाया है परन्तु यह कानून तभी अपने उद्देश्य में सफल हो सकता है, जब इसे नैतिक बल का सहारा मिले। उन्होंने कहा कि यह समाज के हित में होगा कि हम आधुनिक तकनीक में हो रही प्रगति का लाभ उठाएं परन्तु हमें अपनी पुरातन परम्परा को नहीं भूलना चाहिए।

मुख्य मंत्री ने आश्रम के निर्माण के लिए भूमि दान करने के लिए माता शीला को सम्मानित किया।

न्यास के अध्यक्ष स्वामी तुरियानंद जी पुरी ने इस अवसर पर न्यास द्वारा देश के विभिन्न संचालित की जा रही गतिविधियों की जानकारी प्रदान की।

आश्रम के अध्यक्ष श्री राघवनंद पुरी ने मुख्य मंत्री का स्वागत किया और आश्रम द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान की।

उद्योग मंत्री श्री किशन कपूर, लोक सभा सांसद डा. राजन सुशांत, विधायक श्री राकेश पठानिया, पूर्व सांसद श्री कृपाल परमार, पूर्व मंत्री डा. हरवंश राणा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष श्री राजीव भारद्वाज, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version