शिमला: राष्ट्र के समग्र विकास तथा मजबूत और जीवंत समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने यह बात आज शिमला से संगठनात्मक जिला पालमपुर के युवा मोर्चा की वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 से डिजिटल इंडिया पर विशेष बल दिया है तथा उनकी सोच के कारण ही आज इस कोविड-19 के दौर में राष्ट्र डिजिटल माध्यमों से एक-दूसरे से जुड़ पाया है। उन्होंने कहा कि सभी बैठकें वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हो रही हैं तथा उन्होंने स्वयं 3,226 पंचायतों तथा 54 शहरी स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों से इसी माध्यम से बातचीत की है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी की समीक्षा के लिए उपायुक्तों के साथ लगातार वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

जय राम ठाकुर ने कहा कि इस महामारी के दौरान युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि फेस मास्क, सेनेटाईजर, भोजन किट, पका हुआ भोजन हो या लोगों को सामाजिक दूरी के महत्व के बारे में जागरूक करना हो इन सभी कार्यो में युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने युवाओं का अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया है, क्योंकि कोविड-19 के दौर में यही काम आया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्रामीणों ने वापिस आए लाखों लोगों को आश्रय प्रदान किया है। उन्होंने युवाओं का सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि राज्य सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गत दिवस डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस को मनाया गया तथा लंबे संघर्ष के बाद आज धारा 370 इतिहास की बात हो गई है व जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 जून, 1975 की रात्रि को देश पर आपातकाल थोपा था। उन्होंने कहा कि शांता कुमार उस समय के चंद नेताओं में से हैं, जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र के उस दौर के गवाह हैं, बल्कि आपातकाल दौर के भुगतभोगी भी रहे।

जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य में कोविड-19 की स्थिति पड़ोसी राज्यों से बेहतर है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग 778 कोविड-19 संक्रमित मरीज हैं, इनमें लगभग 700 लोग दूसरे राज्यों से आए हैं। उन्होंने कहा कि देश के अन्य हिस्सों में फंसे दो लाख से अधिक लोगों को राज्य में वापिस लाया गया है, जिसके कारण कोविड-19 के संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टाॅलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने युवाओं से इस सामाजिक बुराई के खिलाफ आगे आने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार विकास में सबसे बड़ा रोड़ा है। उन्होंने कहा कि जैसे ही छात्रवृत्ति घोटाला राज्य सरकार के संज्ञान में आया, उसी समय इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि इस घोटाले के अपराधी बच न सके, चाहे वह कितने ही प्रभावशाली क्यों न हों।

जय राम ठाकुर ने कहा कि आज देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत और सक्षम हाथों में है। उन्होंने कहा कि उन्हीं के नेतृत्व में आज देश ने अपने प्राचीन शौर्य को वापिस हासिल किया है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के सबसे ताकतवर देश भी प्रधानमंत्री के मजबूत नेतृत्व का लोहा मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि धारा 370 को हटाने का कार्य प्रधानमंत्री की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के कारण ही संभव हो पाया है तथा आज देश में ‘एक राष्ट्र एक विधान तथा एक निशान’ है। उन्होंने कहा कि तीन तलाक पर लिया गया निर्णय भी ऐतिहासिक है, क्योंकि इससे न केवल मुसलिम महिलाओं का सशक्तिकरण सुनिश्चित हुआ है तथा उन्हें शोषण से भी मुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनकर उभरा है, जिसका श्रेय पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि धन का अभाव नहीं है, परंतु ईमानदार प्रयास तथा समर्पण की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का छह वर्ष का शासनकाल विकास कार्यों के लिए स्वर्णिम युग सिद्ध हुआ है तथा विकास कार्य बिना भ्रष्टाचार के किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को आगे आकर भ्रष्टाचार रोकना सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि लोगों का भरोसा फिर से हासिल किया जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version