धर्मशाला: मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि राज्य सरकार डोगरा रेजिमेंट केन्द्र को फैजाबाद से ऊना स्थानांतरित करने के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ऊना जिला में एक मैडिकल कालेज स्थापित करने के लिए भी प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने गत सायं ऊना जिला के बसदेहड़ा में जलग्रां खड्ड पर 166 लाख रूपये की लागत से निर्मित पुल, बहदला में 16.75 लाख रूपये की लागत से निर्मित अम्बेदकर भवन, हण्डोला पर 39.58 लाख रूपये की लागत से निर्मित पुल का लोकापर्ण, बहडाला-जमखर सड़क के जलग्रहण खड्ड-2 पर 171.57 लाख रूपये की अनुमानित लागत से बनने वाले पुल, बसदेड़ा में 112.18 लाख रूपये की अनुमानित लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन व ऊना में 11 लाख रूपये की अनुमानित लागत से बनने वाले बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केन्द्र (एकीकृत जलागम प्रबन्धन) का शिलान्यास करने के उपरान्त बसदेहड़ा में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की 95 ग्राम पंचायतें लाभान्वित होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने केन्द्र सरकार से ऊना में डोगरा रेजिमेंट की स्थापना का मामला उठाया है क्योंकि डोगरा रेजिमेंट में अधिकतर डोगरा सैनिक हिमाचल के हैं।

प्रो. धूमल ने कहा कि स्वां नदी का तटीकरण परियोजना के लिए वह व्यक्तिगत तौर पर उस समय से प्रयासरत हैं जब वह क्षेत्र के सांसद थे। उन्होंने कहा कि स्वां नदी तटीकरण परियोजना के प्रथम चरण को 10 करोड़ रूपये की लागत से सफलतापूर्वक कार्यान्वित किया गया है जबकि द्वितीय चरण के लिए 235 करोड़ रूपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की उपजाऊ भूमि की सुरक्षा के लिए बचनवद्ध है तथा स्वां नदी में बाढ़ के कारण बही किसानों की उपजाऊ भूमि का पुनः सुधार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही दुख की नदी कहलाने वाली स्वां नदी खुशहाली की नदी बन जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सिंचाई की स्प्रिंकल प्रणाली का उपयोग करने की आवश्यकता है जिससे कम पानी से भी अधिक क्षेत्र को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होती है। उन्होंने भाबौर साहिब सिंचाई परियोजना के लिए 1.5 करोड़ रूपये व वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसदेहड़ा के नए भवन के निर्माण के लिए एक करोड़ रूपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्व. श्री सुभाष सोहर की याद में स्मारक बनाने के लिए भी धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बसदेहड़ा का नाम स्व. रामकृष्ण के नाम पर रखने व ट्यूबवैलों के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की।

प्रो. धूमल ने कहा कि राज्य की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में डा. अम्बेदकर भवन निर्माण पर 6.80 करोड़ रूपये व्यय किए जा रहे हैं। अब तक इस प्रकार के 45 भवन संबंधित क्षेत्रों के लोगों को समर्पित किए जा चुके हैं। शीघ्र ही सभी विधानसभा क्षेत्रों में सामुदायिक गतिविधियों व समारोहों के लिए यह भवन उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्र के पूर्व विधायक स्व. देश राज ठाकुर को भी स्मरण किया तथा अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्थानीय विधायक द्वारा रखी गई सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऊना स्थित हॉकी मैदान में एस्ट्रो-ट्रफ उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने लोगों से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए उदारतापूर्वक धनराशि दान करने का आग्रह किया। उन्होंने संस्थाओं व आयोजकों से समारोह के दौरान फूलों, पुष्प पुजों, हार व उपहार पर खर्च की जाने वाली राशि को मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस राशि को पीड़ितों पर खर्च किया जाता है जो अपना इलाज करवाने में असमर्थ हैं।

मुख्यमंत्री को औद्योगिक क्षेत्र, मैहतपुर द्वारा 21 हजार रूपये, श्री महेन्द्र सिंह द्वारा 21 हजार, श्री बलवीर सिंह बग्गा, ट्रक यूनियन मैहतपुर सर्व सेवा मण्डल, ठेकेदार संघ ने 11-11 हजार रूपये, नगर पंचायत मैहतपुर, नयना देवी सेवा दल, ठाकुरद्धारा मन्दिर न्यास, रावमापा व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बसदेहड़ा ने मुख्यमंत्री राहत कोष को 5100 रूपये के ड्राफट भेंट किए। मुख्यमंत्री ने सभी दानियों का इस नेक कार्य के लिए धन्यवाद किया।

मुख्य संसदीय सचिव व स्थानीय विधायक श्री सतपाल सिंह सत्ती ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री को एक प्रतिष्ठित पत्रिका द्वारा देश भर में करवाए गए सर्वेक्षण में प्रदेश को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री का स्वां नदी के तटीकरण के लिए धन स्वीकृत करने तथा शिक्षण व स्वास्थ्य संस्थानों में रिक्त पदों को भरने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा शासन के दौरान विकास के विशेषकर सड़क, पुलों, स्वास्थ्य व शिक्षण संस्थानांे के निर्माण में मील पत्थर स्थापित हुए हैं।

मुख्य संसदीय सचिव श्री विरेन्द्र कवंर, विधायक बलवीर चौधरी, पूर्व मंत्री व जल प्रबन्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा, पूर्व सांसद श्री कृपाल परमार, जिला परिषद अध्यक्ष बलवीर बग्गा, विभिन्न निगमों व बोर्डों के अध्यक्ष, उपायुक्त श्री केआर भारती, पुलिस अधीक्षक सन्तोष पटयाल व वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version