मोटरसाइकिल पर मोगीनन्द से सैनवाला तक नशीले कैप्सूल बेचने वाला स्थानीय युवक दबोचा

नाहन : जिला सिरमौर में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस की नशा विरोधी मुहिम को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। जिला सिरमौर की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) की टीम ने कालाअंब के साथ लगते मोगीनन्द क्षेत्र में एक युवक को प्रतिबंधित नशीले कैप्सूलों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में ट्रामाडोल और प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मई को SIU की टीम मोगीनन्द क्षेत्र में गश्त और नशा विरोधी अभियान पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि अमित कुमार (पुत्र रणधीर सिंह), निवासी डिंगरवाला (मोगीनन्द), काफी समय से कालाअंब, मोगीनन्द, सैनवाला और आसपास के इलाकों में नशीले कैप्सूल व प्रतिबंधित दवाइयां बेचने का अवैध धंधा कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। जब आरोपी के मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई, तो उसके हैंडल पर लटकी एक पॉलिथीन से 40 प्रतिबंधित ट्रामाडोल (Tramadol) कैप्सूल और 50 प्रेगाबालिन (Pregabalin) कैप्सूल बरामद हुए।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली खेप को कब्जे में ले लिया और आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस थाना कालाअंब में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और क्षेत्र में किन-किन लोगों को इसे सप्लाई करने वाला था।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।