नाहन : सिरमौर जिले में अवैध नशे व शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी यशवंतनगर की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शायाघाट के पास नियमित नाकेबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से 100 पेटियां अवैध देसी शराब बरामद की हैं। पुलिस ने शराब की खेप व वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आज (शनिवार) पुलिस चौकी यशवंतनगर की टीम क्षेत्र में गश्त व यातायात जांच पर तैनात थी। इस दौरान सनौरा की तरफ से आ रही एक संदिग्ध पिकअप (नंबर HP 63A-2142) को पुलिस टीम ने रूकने का इशारा किया। वाहन रुकने पर जब चालक से पूछताछ की गई, तो उसकी पहचान जयप्रकाश (32) पुत्र निवासी देवठी मझगांव, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर के रूप में हुई।

चालक की घबराहट और गतिविधियों पर संदेह होने पर पुलिस टीम ने जब पिकअप के डाले की गहनता से तलाशी ली, तो उसमें गत्ते की पेटियाँ रखी हुई मिलीं। पेटियों को खोलकर जांच करने पर उनके अंदर से कुल 100 पेटियां देसी शराब (ब्रांड: पैराडाइज संतरा) पाई गईं। बरामद सभी बोतलों पर “Sale in Himachal Pradesh Only” अंकित था।
जब पुलिस ने चालक जयप्रकाश से इतनी बड़ी मात्रा में ले जाई जा रही शराब के वैध दस्तावेज, परमिट या लाइसेंस दिखाने को कहा, तो वह कोई भी कानूनी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने अवैध शराब और पिकअप वाहन को तुरंत जब्त कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस थाना राजगढ़ में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।