राजगढ़ में ट्रक से 5.55 ग्राम चिट्टा और 37,500 की नकदी बरामद, चालक गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पुलिस थाना राजगढ़ के अंतर्गत डिटेक्शन सेल की टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 5.55 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 37,500 रुपये की नकद राशि बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आज डिटेक्शन सेल राजगढ़ की टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक संख्या HP63F-1817 में चिट्टा/हेरोइन ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही डिटेक्शन सेल की टीम तुरंत हरकत में आई और यशवंत नगर चौकी के समीप सोलन-गिरीपुल मुख्य सड़क पर नाकाबंदी कर उक्त ट्रक को जांच के लिए रोक लिया।

रोकने के बाद जब ट्रक की तलाशी ली गई और चालक से पूछताछ की गई, तो उसने अपनी पहचान सूरज पुत्र हरपाल सिंह, निवासी गांव एवं डाकघर गेहर, तहसील कोटखाई, जिला शिमला के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.55 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 37,500 रुपये नकद बरामद किए।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मादक पदार्थ और नकदी को अपने कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना राजगढ़ में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नशा कहां से लाया जा रहा था और इसे आगे कहाँ सप्लाई किया जाना था। मामले में आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।