विक्रमादित्य सिंह ने पेश किया हिमाचल का शहरी विकास मॉडल, वन स्टेट-वन पोर्टल की गिनाई उपलब्धियां

Photo of author

By Hills Post

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुंबई में आयोजित तीसरे वर्ल्ड मेयर्स फोरम समिट-2026 को संबोधित करते हुए सतत शहरी विकास, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में राज्य की पहलों व उपलब्धियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल एक पहाड़ी राज्य है, जहां शिमला, धर्मशाला, सोलन, मंडी और मनाली जैसे शहर पर्यटन, धार्मिक यात्रा और व्यावसायिक गतिविधियों के बड़े केंद्र हैं। यहां साल भर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, जिसे देखते हुए भौगोलिक व पर्यावरणीय चुनौतियों के अनुरूप सतत और पर्यावरण अनुकूल शहरी नियोजन बेहद जरूरी है।

वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के लिए हैदराबाद और नॉर्वे की संस्थाओं से सहयोग

शहरी प्रशासन को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रदेश में नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों सहित कुल 76 शहरी स्थानीय निकाय हैं। ‘स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0’ के तहत ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाया जा रहा है, जिसमें स्रोत पर ही कचरे का पृथक्करण, घर-घर से संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण और वैज्ञानिक निस्तारण शामिल है। उन्होंने जानकारी दी कि सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी (हैदराबाद) के सहयोग से चयनित शहरी निकायों में गीले कचरे से बायोगैस बनाने के छोटे संयंत्र लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा, निर्माण कार्यों से निकलने वाले कचरे के प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना के लिए नॉर्वे की संस्था ‘एसआईएनटीईएफ’ (SINTEF) के साथ समझौता किया गया है।

‘वन स्टेट-वन पोर्टल’ से डिजिटल क्रांति, 98% से अधिक शिकायतों का निपटारा

डिजिटल बदलाव पर जोर देते हुए मंत्री ने राज्य की महत्वाकांक्षी ‘वन स्टेट-वन पोर्टल’ पहल का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि चिन्हित 55 नगर निकाय सेवाओं में से 18 सेवाएं नागरिक सेवा पोर्टल के जरिए ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जा रही हैं। अब तक इस पोर्टल के माध्यम से 138.70 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व मांग सृजित की गई है। इसके साथ ही 2.70 लाख से अधिक कचरा इकाइयों, 2.06 लाख संपत्तियों, 5,600 से अधिक व्यापार लाइसेंस और 6,000 नगर निकाय परिसंपत्तियों का पंजीकरण हो चुका है।

उन्होंने बताया कि 56 शहरी स्थानीय निकायों में समर्पित समाधान प्रकोष्ठ बनाए गए हैं, जिनके जरिए 8,900 से अधिक शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है और समाधान दर 98 प्रतिशत से अधिक है। 5 जून 2026 से सभी शहरी निकायों में ऑनलाइन सेवाओं और डिजिटल भुगतान को अनिवार्य कर दिया गया है। पारदर्शिता बढ़ाने के लिए 15 नगर निगम साझा सेवा केंद्र क्लस्टर बनाने, क्यूआर कोड आधारित डिजिटल डोर प्लेट लगाने और एकीकृत नगर निगम कॉल सेंटर शुरू करने की दिशा में भी काम चल रहा है। इस पहल के लिए हिमाचल को स्मार्ट सिटीज एवं अर्बन टेक लीडरशिप श्रेणी में ‘इकोनॉमिक टाइम्स गवटेक (GovTech) समिट एंड अवॉर्ड्स-2026’ में सिल्वर अवॉर्ड भी मिला है।

आपदा प्रतिरोधी विकास और दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन पर बल

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शहरी विकास का लक्ष्य केवल बड़े शहर बसाना नहीं, बल्कि स्वच्छ, समावेशी, सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और आर्थिक रूप से जीवंत शहर तैयार करना होना चाहिए। उन्होंने आपदा प्रतिरोधी और नागरिक केंद्रित विकास के लिए केंद्र सरकार, अन्य राज्यों और शहरी निकायों के साथ मिलकर काम करने की बात कही। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों से आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि शहरी विकास मंत्रालय के दिशा-निर्देशों और देशभर में उद्योग के सामने आ रही आंतरिक चुनौतियों पर सामूहिक रूप से गंभीर मंथन कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हिमाचल का शहरी विकास विभाग स्थानीय निकायों के कामकाज को बेहतर बनाने में सराहनीय भूमिका निभा रहा है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed