शिमला पुलिस ने ठियोग के क्षेत्र में करीब 8 किलो चरस और नकदी की बरामद

Photo of author

By Hills Post

शिमला: नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठियोग के बहानी गांव में रविवार तड़के तीन अलग-अलग घरों पर एक साथ दबिश दी। इस संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब आठ किलोग्राम चरस, एक लाख रुपये से अधिक की नकदी और वजन करने वाली मशीन बरामद की है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को क्षेत्र में नशे की बड़ी खेप होने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की विशेष रणनीति तैयार की गई। पुलिस की टीमों ने तीनों ठिकानों पर एक ही समय पर तलाशी अभियान चलाया, ताकि कोई भी आरोपी दूसरे को सतर्क न कर सके।

किसके घर से क्या हुआ बरामद?

तलाशी के दौरान पहले ठिकाने पर श्याम सिंह के घर से 1.7 किलोग्राम चरस बरामद हुई। वहीं, दूसरे घर में लक्ष्मी नंद के यहां से करीब 900 ग्राम चरस मिली। सबसे बड़ी खेप तीसरे ठिकाने यानी हरि वल्लभ के घर से हाथ लगी, जहां से पुलिस ने 5.5 किलोग्राम चरस के अलावा 1,05,690 रुपये नकद और एक वजन करने वाली मशीन जब्त की।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और आगे इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी। आरोपियों के संपर्कों और इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।

बड़े तस्करों पर शिकंजा: इस साल व्यावसायिक मात्रा के 27 मामले दर्ज

शिमला पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक व्यावसायिक मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी से जुड़े 27 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। यह संख्या पिछले तीन वर्षों के कुल मामलों से भी अधिक है। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में ऐसे छह मामले, वर्ष 2024 में 14 और वर्ष 2023 में छह मामले (तीन साल में कुल 26 मामले) दर्ज हुए थे।

पुलिस का कहना है कि इस वर्ष कार्रवाई का मुख्य फोकस बड़े नशा तस्करों और उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed