शिलाई के कुहुंट गांव में मातम: चंडीगढ़ में 23 साल के युवक की मौत, 16 का महायज्ञ स्थगित

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिला के उपमंडल शिलाई के अंतर्गत आते गांव कुहुंट के एक 23 वर्षीय युवक ऋतिक चौहान (पुत्र चतर सिंह) की चंडीगढ़ में अचानक हुई मौत से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। बेहद कम उम्र में हुई इस दुखद घटना ने परिजनों सहित पूरे गांव और क्षेत्रवासियों को झकझोर कर रख दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, ऋतिक चंडीगढ़ में होटल क्षेत्र में कार्यरत था और वहीं किराए का कमरा लेकर रह रहा था। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि वह नशे की लत से जूझ रहा था। बीते दिन वह अपने कमरे में बेसुध/मृत पाया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण कर शव का पोस्टमार्टम चंडीगढ़ में ही करवाया। हालांकि, मौत के सही कारणों और परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

युवक के आकस्मिक निधन के कारण कुहुंट गांव में होने वाले धार्मिक आयोजन पर भी गहरा असर पड़ा है। गांव के प्रबुद्ध जनों एवं ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए 16 सितंबर को प्रस्तावित शांत महायज्ञ को फिलहाल स्थगित कर दिया है।

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर युवाओं में पैर पसार रही नशे की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नशा न केवल एक अनमोल जीवन को समाप्त करता है, बल्कि पूरे हंसते-खेलते परिवार की खुशियां और उम्मीदें भी तबाह कर देता है। स्थानीय प्रबुद्ध लोगों का मानना है कि आज के दौर में युवा वर्ग को सही राह दिखाने और उन्हें नशे की गर्त से बचाने के लिए अभिभावकों, समाज और प्रशासन को मिलकर ठोस कदम उठाने होंगे।

23 साल के होनहार बेटे को खोने से ऋतिक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस असमय वियोग से कुहुंट गांव और पूरे शिलाई इलाके में सन्नाटा और गमगीन माहौल है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।