नाहन में शांति भंग करने वालों पर शिकंजा, 10 से अधिक लोग तलब; FIR दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में बीते 23 अक्टूबर को वाल्मीकि एवं सिख समुदाय के कुछ व्यक्तियों के बीच गेट लगाने की बात पर पैदा हुआ आपसी विवाद अब पुलिस की गहन जांच के दायरे में है। घटना के दिन दोनों पक्षों के बीच उपजे गंभीर तनाव और झड़प को देखते हुए पुलिस थाना सदर नाहन में त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियोग दर्ज किया गया था। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 132, 324(4) तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 03 के तहत पंजीकृत किया गया है।

मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस थाना सदर नाहन द्वारा आज शाम को दोनों समुदायों से जुड़े लगभग 10 से 12 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने में तलब किया गया। पुलिस की टीम इस समय उपस्थित व्यक्तियों से घटना से संबंधित वास्तविक कारणों, विवाद की शुरुआत और घटना स्थल पर हुई गतिविधियों के बारे में विस्तार से पूछताछ कर रही है। पुलिस प्रशासन पूरी निष्पक्षता के साथ मामले से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की परतें खंगालने में जुटा हुआ है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने पुस्टि करते हुए बताया कि जांच और पूछताछ के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर दोषियों को चिह्नित किया जाएगा। कानून के सख्त प्रावधानों के तहत चिन्हित व्यक्तियों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, ताकि शहर में शांति और सौहार्द की स्थिति बनी रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।