नाहन : शिलाई क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीते कल पुलिस थाना शिलाई की टीम ने नाया चौक के समीप एक किराये के ढाबे में छापेमारी कर 10 बोतल अवैध देशी शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, शिलाई पुलिस की टीम गश्त और कानून-व्यवस्था के सिलसिले में नाया चौक में मौजूद थी। उसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सुरेश कुमार (पुत्र जालम सिंह), निवासी भटवाड़ (डाकघर कांडो भटनोल, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर), नाया चौक स्थित अपने किराये के ढाबे ‘नौटियाल चिकन कॉर्नर’ में अवैध रूप से शराब बेचने का धंधा करता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए ढाबे की घेराबंदी की।

पुलिस टीम ने जब ढाबे के परिसर की गहन तलाशी ली, तो वहां से 10 बोतल अवैध देशी शराब बरामद हुई। ढाबा संचालक शराब रखने या बेचने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने अवैध शराब को कब्जे में लेकर आरोपी ढाबा संचालक के खिलाफ पुलिस थाना शिलाई में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।