श्री रेणुका जी: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। सिरमौर जिले की उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने रेणुकाजी पहुंचकर इन तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जानकारी दी है कि इस छह दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मेले का विधिवत शुभारंभ 19 नवंबर को सूबे के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। मेले के उद्घाटन से पहले उपमुख्यमंत्री संगड़ाह और ददाहू में नए बस स्टैंड की आधारशिला रखेंगे और ददाहू से लाना चेता व पांवटा साहिब के लिए नई बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इस बार का रेणुकाजी मेला पूरी तरह से हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित किया जा रहा है। डीसी प्रियंका वर्मा ने स्पष्ट किया है कि हाईकोर्ट के आदेशों का सख्ती से पालन करते हुए परशुराम ताल और रेणुका झील परिसर के आसपास किसी भी तरह की व्यावसायिक दुकानें या स्टॉल नहीं लगाए जाएंगे। मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं तय नियमों के अनुसार ही संचालित होंगी।
प्रशासन इस भव्य मेले को पूरी तरह से ‘प्लास्टिक मुक्त’ बनाने पर भी खास जोर दे रहा है। इसके लिए पूरे मेला परिसर में जगह-जगह जागरूकता होर्डिंग और साइन बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके। प्लास्टिक के विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने मेले में प्राकृतिक पत्तों से बनी पत्तलों की विशेष व्यवस्था भी की है।
मेले के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासन ने एक व्यापक रणनीति बनाई है। डीसी ने संबंधित विभागों के साथ-साथ स्वयंसेवी संस्थाओं और स्कूल-कॉलेजों के एनएसएस (NSS) छात्रों के साथ बैठक कर उनसे सफाई व्यवस्था में सहयोग मांगा है। प्रशासन ने हिमाचल प्रदेश और बाहरी राज्यों से आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन के नियमों का पालन करें, प्लास्टिक का इस्तेमाल बिल्कुल न करें और इस ऐतिहासिक मेले को स्वच्छ व पर्यावरण के अनुकूल बनाने में अपना योगदान दें।
तैयारियों की समीक्षा के दौरान सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी, अतिरिक्त उपायुक्त एकता काप्टा और नाहन के एसडीएम राजीव सांख्यान सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।