सरदार सोभा सिंह की 125वीं जयंती पर 125 रुपये का सिक्का जारी करने के फैसले पर CM ने जताई खुशी

Photo of author

By Hills Post

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रख्यात चित्रकार सरदार सोभा सिंह की 125वीं जयंती के अवसर पर उनके सम्मान में 125 रुपये का सिक्का जारी करने के निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार सोभा सिंह देश के महान चित्रकारों में से एक थे और भारतीय कला के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान ने उन्हें कला व सांस्कृतिक जगत में एक अलग पहचान दिलाई। उनकी पेंटिंग्स और धार्मिक कलाकृतियां भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और समृद्ध विरासत को बखूबी दर्शाती हैं।

ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरदार सोभा सिंह ने अपनी कला के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी एक विशिष्ट पहचान दिलाई। कांगड़ा जिले के अन्द्रेटा से उनका गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपनी कला साधना से अन्द्रेटा को कला और संस्कृति के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित किया, जो आज देश-विदेश के कलाकारों, कला प्रेमियों और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार सोभा सिंह के सम्मान में सिक्का जारी करने का यह निर्णय उनके अमूल्य योगदान के प्रति एक सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि यह पहल युवा पीढ़ी को राज्य की समृद्ध कलात्मक और सांस्कृतिक विरासत को समझने, संरक्षित करने और बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करेगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed