सिरमौर को मिली बड़ी सौगात: 4 अगस्त को नाहन से हरी झंडी दिखाकर रवाना होंगी 15 इलेक्ट्रिक बसें

नाहन : नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के नाहन डिपो को इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिलना न केवल सिरमौर बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को प्रदेश के माननीय उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान नाहन बस अड्डे से इन आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के यशस्वी, दूरदर्शी एवं जनप्रिय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व और उनकी पर्यावरण संरक्षण के प्रति स्पष्ट सोच का परिणाम है। मुख्यमंत्री का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को ग्रीन स्टेट के रूप में स्थापित करना है और इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत उसी दिशा में एक मजबूत और दूरगामी कदम है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करते हुए आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से डीजल पर निर्भरता कम होगी, कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, प्रदूषण घटेगा तथा प्रदेश की स्वच्छ और हरित पहचान को और मजबूती मिलेगी।

विधायक ने कहा कि ये बसें अत्याधुनिक तकनीक से लैस हैं, जिनमें यात्रियों को अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मिलेगा। एक बार पूर्ण चार्ज होने पर लगभग 180 किलोमीटर तक चलने की क्षमता रखने वाली ये बसें न केवल पर्यावरण के अनुकूल हैं, बल्कि संचालन की दृष्टि से भी किफायती और भविष्य की आवश्यकता हैं।

अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन डिपो को पहले चरण में 15 इलेक्ट्रिक बसें मिलना सिरमौर के लिए गर्व का विषय है। इन बसों के संचालन से नाहन सहित विभिन्न रूटों पर यात्रियों को आधुनिक, शांत, प्रदूषण मुक्त और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। भविष्य में इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनहित, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश देश के सबसे स्वच्छ, हरित और आधुनिक राज्यों में अपनी अलग पहचान बनाएगा तथा यह पहल उस सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।